पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. निषाद ने कहा कि अतरौलिया विधानसभा सीट शुरू से ही निषाद पार्टी की रही है और आगे भी रहेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में निषाद समाज की संख्या अधिक है और पार्टी का जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान किया।
प्रशांत सिंह को पार्टी का मजबूत चेहरा बताते हुए उन्होंने कहा कि वह लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनता के बीच काम कर रहे हैं और उन्हें लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। ओमप्रकाश राजभर के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. निषाद ने कहा कि गठबंधन राजनीति में सहयोगी दलों के बीच समन्वय और सम्मान बेहद जरूरी है। राजभर समाज और निषाद समाज दोनों एक-दूसरे के सहयोग से ही राजनीतिक रूप से मजबूत हो सकते हैं। किसी भी समाज को नाराज कर चुनाव जीतना संभव नहीं है।
सीटों के बंटवारे को लेकर उन्होंने भाजपा नेतृत्व के सामने नया फॉर्मूला भी रखा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा जहां-जहां चुनाव हारी है, वे सीटें निषाद पार्टी को दी जाएं। निषाद पार्टी उन सीटों पर गठबंधन को जीत दिलाने का काम करेगी। उन्होंने दावा किया कि आजमगढ़ जिले की सभी दस विधानसभा सीटों पर निषाद मतदाता निर्णायक भूमिका में हैं और पार्टी को मौका मिलने पर वह मजबूती से चुनाव लड़कर जीत दर्ज करेगी।
आरक्षण के मुद्दे पर डॉ. संजय निषाद ने समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों की सरकारों ने निषाद समाज को उनके अधिकारों से वंचित रखने का काम किया है। उन्होंने कहा कि निषाद समाज अपने अधिकारों और आरक्षण की लड़ाई लगातार लड़ता रहेगा तथा समाज अब राजनीतिक रूप से पूरी तरह जागरूक हो चुका है।