लाटघाट। रौनापार थाना क्षेत्र के करखिया पुल के पास शनिवार की सुबह बच्चों ने झाड़ियों के बीच एक नवजात को पाया। सूचना पर मिलने पर एक युवक ने नवजात को पालन पोषण के लिए गोद ले लिया। करखिया गांव निवासिनी सरिता के बच्चे शनिवार की सुबह पुल के तरफ टहलने के लिए गए थे। इसी दौरान बच्चों ने किसी नवजात के रोने की आवाज सुना। इस पर बच्चों ने खोजना शुरू किया तो पुल के नीचे झाड़ियों के बीच एक नवजात बरामद हुआ। टहलने गए बच्चों ने इसकी सूचना घर पहुंच कर परिजनों व ग्रामीणों को दिया। इसके बाद पूरा गांव मौके पर उमड़ पड़ा। सरिता ने इसकी सूचना पुलिस व चाइल्ड हेल्प लाइन पर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लिखा पढ़ी करने के बाद नवजात को इलाज के लिए सीएचसी हरैया भेज दिया। इस दौरान करखिया गांव रिश्तेदारी में आए संदीप ने बच्चे को गोद लेने की बात कही। उसने बताया कि उसकी बहन पूजा मऊ में रहती है। उसके कोई बच्चे नहीं है। वह इस नवजात को अपनी बहन को देगा जो उसका पालन पोषण करेगी।