जहानागंज/बलरामपुर। जहानागंज थाना क्षेत्र के अकबेलपुर गांव निवासी एक नवजात की बृहस्पतिवार की सुबह संदिग्धावस्था में मौत हो गई। परिजनों ने पड़ोसियों पर तंत्र क्रिया कराने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव निवासी शैलेश राव को एक माह पूर्व पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई थी। घर में बेटे के जन्म से पूरे परिवार में खुशी का माहौल था। बृहस्पतिवार की सुबह एक माह के नवजात की संदिग्धावस्था में मौत हो गई। मौत के पूर्व उसके मुंह व नाक से खून आया था। परिजनों ने पड़ोसियों पर सोखा के माध्यम से तंत्र क्रिया करा कर बच्चे की हत्या का आरोप लगाया। पिता शैलेश ने थाने पर पड़ोसियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने बताया कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।