आजमगढ़। बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी को और आसान व प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एनसीईआरटी ने कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए एक नया ऑनलाइन पाठ्यक्रम शुरू किया है। इस कोर्स के माध्यम से छात्र-छात्राएं निशुल्क परीक्षा तैयारी कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया स्वयं पोर्टल पर शुरू हो चुकी है और आवेदन की अंतिम तिथि 22 फरवरी 2026 तय की गई है।
यह कोर्स विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें छात्रों को ई-ट्यूटोरियल्स, वीडियो लेक्चर और अध्ययन सामग्री एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई जा रही है। इसके लिए किसी अन्य वेबसाइट पर जानकारी खोजने की आवश्यकता नहीं होगी।
एनसीईआरटी के विषय विशेषज्ञों की टीम ने प्रत्येक विषय की परीक्षा की तैयारी के लिए वीडियो अपलोड किए हैं, जिन्हें विद्यार्थी अपनी सुविधा के अनुसार कभी भी देख सकते हैं। पाठ्यक्रम पूरा करने और ऑनलाइन परीक्षा में 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को प्रमाणपत्र (सर्टिफिकेट) भी प्रदान किया जाएगा।
इन विषयों में कोर्स उपलब्ध: हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों के लिए अर्थशास्त्र, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, भौतिक विज्ञान, मनोविज्ञान, समाजशास्त्र, भूगोल, गणित और अंग्रेजी जैसे विषयों के पाठ्यक्रम शामिल किए गए हैं। कक्षा 9 और 11 के छात्रों के लिए भी विषयवार कोर्स तैयार किए गए हैं।
डीआईओएस उपेंद्र कुमार ने बताया कि यह ऑनलाइन कोर्स बोर्ड परीक्षा की तैयारी को सुलभ और व्यवस्थित बनाने के लिए शुरू किया गया है। छात्र इस प्लेटफॉर्म से बिना किसी शुल्क के लाभ उठा सकते हैं और विषयवार तैयारी कर सकते हैं।