सगड़ी। तहसील क्षेत्र के श्री गांधी पीजी कॉलेज मालटारी की छात्राओं को मंडल में राष्ट्रीय बालिका दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में पुरस्कृत किया गया था। गुरुवार को पुरस्कृत छात्राओं का विद्यालय परिसर में सम्मान किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. कौशलेंद्र विक्रम मिश्र ने बताया कि श्रीगांधी पीजी कॉलेज मालटारी में सात फरवरी को सिफ्सा के सौजन्य से लैंगिक भेदभाव व अल्ट्रासोनोग्राफी के फायदे व नुकसान विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। जिसमें कुल आठ प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में अंतिमा मौर्या, सिमरन सोनी व सुष्मिता विश्वकर्मा ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल किया। यह प्रतियोगिता जिले से आए दो अधिकारियों के साथ ही राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी डा. शैलेश पाठक एवं डा. नितेश जायसवाल के निर्देशन में संपन्न हुई। इस प्रतियोगिता में श्री गांधी पीजी कॉलेज मालटारी के साथ ही शिब्ली नेशनल पीजी कॉलेज, सर्वोदय पब्लिक स्कूल और सेंट जेवियर्स स्कूल एलवल की छात्राओं ने प्रतिभाग किया। मंडलायुक्त वीवी पंत द्वारा इन्हें पुरस्कृत किया गया था। इस मौके पर डा. प्रेमचंद यादव, डा. अखिलेश चंद्र आदि उपस्थित थे।