पैगंबरे इस्लाम हजरत मुहम्मद (सल्ल.) के जन्म दिवस ईद मिलादुन्नबी के जश्न में गली मुहल्ले डूबे रहे। रविवार को जहां दिनभर जुलूसे मुहम्मदी के निकलने का तांता लगा रहा तो वहीं रात में होने वाली तकरीरों में उलेमा ने नबी की सीरत पर रोशनी डाली।
मरकजी सीरत कमेटी जामा मस्जिद के तत्वावधान में धूमधाम से निकाला गया जुलुस नगर का भ्रमण करते हुए जामा मस्जिद पर आकर देर रात समाप्त हुआ।
अंजुमनों का जुलूस नातिया कलाम पढ़ते हुए निस्वां स्कूल से शिब्ली कालेज, पहाड़पुर तिराहा होते पहाड़पुर पहुंचा। यहां पर अंजुमन गुलशने रसूल के अध्यक्ष अब्दुल्ला राइनी, मुश्ताक राइनी की तरफ से ब्लाक प्रमुख विजय यादव, सपा नेता परवेज ने अंजुमनों को इनाम देकर स्वागत किया।
पहाड़पुर पर ही अंजुमन गुलामाने मोहम्मद पहाड़पुर के अध्यक्ष मोहम्मद इस्लाम, मोहम्मद बेलाल ने भी अंजुमनों का स्वागत किया। जुलूस तकिया से कोट चौराहा, टेढ़िया मस्जिद, जामयतुर्रशाद, हर्रा की चुंगी होता हुआ पुन: जामयतुर्रशाद आकर गुलामी का पुरा, बाजबहादुर, एवर ग्रीन स्कूल से राजा साहब का किला होते कोट आया। यहां सभी अंजुमनों का स्वागत किया गया।
जुलूस कोट से दलालघाट, पुरानी कोतवाली, मुख्य चौक, सब्जी मंडी, कटरा, बदरका से पांडेय बाजार पानी टंकी होता जामा मस्जिद पर आकर देर रात समाप्त हुआ। पहाड़पुर, तकिया, कोट, टेढिया मस्जिद, जामा मस्जिद, कटरा, बदरका आदि जगहों पर झालरों से खूबसूरत सजावट की गई थी।
बारावफात के जलसे में अंजुमन जानिशारे खैरुल बशर मातवरगंज, अंजुमन फरजुमदाने इस्लाम फराश टोला, अंजुमन पहाड़पुर, अंजुमन गुलामी का पुरा, अंजुमन गौसिया दलसिंगार, अंजुमन बरकातिया जालंधरी, अंजुमन दीदारे मुश्तफा बाजबहादुर, अंजुमन बदरका, अंजुमन गुलामे मुश्तफा पहाड़पुर, अंजुमन मातवरगंज, अंजुमन अजीजुल उलूम पहाड़पुर, अंजुमन आशिकाने रसूल बाजबहादुर, अंजुमन गुरुटोला शामिल रही। जुलूस की कड़ी सुरक्षा का इंतजाम किया गया था इसमें महिला पुलिस भी शामिल रही।
इसी क्रम में अंजुमन ईदमिलादुन्नबी सिधारी का जुलूस रविवार को सिधारी बबुआन मस्जिद से निकाला गया। जुलूस सिधारी के मुख्य मार्गों से होता हुआ मस्जिद पर आकर समाप्त हुआ।
मंत्री रामदुलार राजभर और सपा जिला सचिव और मीडिया प्रभारी एसके सत्येन ने लोगों को बारावफात की मुबारकबाद दी। साथ ही आपसी भाईचारे को बनाए रखने की अपील की। जुलूस का नेतृत्व जिल्लुर रहमान, जमील अहमद, कौसर पठान, महताब फरीद खान ने किया।