नगर पालिका में मकान पर नाम चढ़ाने का एवज में 1.60 लाख की घूस लेने में जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने पालिका के कर्मचारी के खिलाफ जांच बिठा दी है। एसडीएम मार्टीनगंज प्रशांत कुमार को मामले की जांच दी गई है। जांच के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी। पालिका कर्मचारी के 1.60 लाख रुपये घूस से लेने वीडियो मंगलवार को वायरल होने से हड़कंप मच गया था।
नगरपालिका के एक कर्मचारी की ओर से मकान पर नाम चढ़ाने के लिए 1.60 लाख रुपये की घूस लेते हुए वीडियो वायरल होने से प्रशासनिक हलके में हड़कंप की स्थिति है। शहर निवासी अरमान पुत्र मो. अली ने बताया कि उसके नाना का चौक क्षेत्र में मकान (नंबर-50) था। इसमें रहने वाले किरायेदारों ने उस पर कब्जा कर लिया था।
वर्ष 1992 में पालिका की ओर से हुए सर्वे में मकान पर किरायेदारों का नाम चढ़ा दिया गया। मकान पर पालिका में अपना नाम चढ़वाने के लिए उसने पालिका के एक कर्मचारी से संपर्क किया तो उसने 1.60 लाख में नाम चढ़ाने की बात कही।
अरमान का आरोप है कि कर्मचारी ने 10 हजार, एक लाख और 50 हजार की तीन किस्त में उससे 1.60 लाख रुपये ले भी लिए थे। वीडियो वायरल होने का मामला जिलाधिकारी के पास पहुंचने पर मामले की जांच एडीएम मार्टीनगंज प्रशांत कुमार को सौंप दी गई है। डीएम शिवाकांत द्विवेदी ने बताया कि वीडियों की सत्यता की जांच के बाद मामले कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जांच शुरू होने से पालिका कर्मचारियों में हड़कंप मचा है।