देवगांव। क्षेत्र के चेवार रुद्रपुर गांव में चकमार्ग पर अतिक्रमण का मामला सामने आने पर सोमवार की शाम प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। गांव के रणधीर सिंह समेत कई ग्रामीणों ने आठ अगस्त को आवेदन देकर आरोप लगाया था कि स्थानीय एक ढाबा संचालक ने चकमार्ग पर बनी सोलिंग को मिट्टी डालकर पाट दिया है, जिससे निरंकारी भवन सहित किसानों का आवागमन बाधित हो गया है। ग्रामीणों ने अतिक्रमण हटवाने की मांग की थी।
शिकायत पर नायब तहसीलदार मनोज गिरी, राजस्व निरीक्षक अशोक कुमार सिंह व लेखपाल अश्वनी कुमार सिंह की टीम ने दोनों पक्षों और ग्राम प्रधान ओमप्रकाश यादव की उपस्थिति में सीमांकन कराया। सीमांकन में स्पष्ट हुआ कि उक्त ढाबा संचालक ने मिट्टी डालकर अतिक्रमण है। नायब तहसीलदार मनोज गिरी ने प्रधान को निर्देशित किया कि तीन दिन के भीतर अतिक्रमण हटवाएं अन्यथा स्वयं मौके पर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान एडीओ (एजी) रजनीश मौर्या, ग्राम पंचायत अधिकारी रविंद्र कुमार, रणधीर सिंह, जेपी सिंह आदि मौजूद रहे।