नगर पंचायत निजामाबाद से निकलने वाले सूखे और गीले कचरे को हाईवे के किनारे फेंका जा रहा।
- फोटो : AZAMGARH
निजामाबाद। नगर पंचायत निजामाबाद में कूड़े की वजह से लोगों का सांस लेना भी मुश्किल हो गया है। 11 वार्डों से निकलने वाले सूखे और गीले कूड़े को हाईवे के किनारे फेंका जा रहा है। आसपास के लोगों के साथ-साथ राहगीरों को जीवन भी नरक बन गया है।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के लिए नगर पंचायत काफी मेहनत कर रहा है, लेकिन कूड़ा फेंकने की व्यवस्था नहीं होने से मेहनत रंग नहीं ला पा रही है। डंपिंग ग्राउंड पर लाखों खर्च करने की तैयारी हो रही है, लेकिन ये कहां बन रहा है और कितनी लागत आएगी इसके बारे में किसी को कुछ नहीं पता। नगर से प्रतिदिन पांच ट्रैक्टर सूखा और गीला कूड़ा निकलता है। हाईवे के किनारे कूड़ा फेंक दिया जाता है। खास बात यह है कि इसी मार्ग से अधिकारियों का भी आवागमन होता है, लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। संतोष, दिलराम, सुरेश ने प्रशासन से हाईवे के किनारे कूड़ा फेंकने पर रोक लगाने की मांग की है।