आजमगढ़। अतरौलिया के सम्मो माता मंदिर परिसर का माहौल उस समय एक नई इबारत को लिख गया, जब एक मुस्लिम युवती ने हिंदू प्रेमी के गले में वरमाला डाली और उसे अपना जीवन साथी बना लिया। मंदिर परिसर में सात फेरों के साथ प्रेमी युगल को परिजनों ने भी खुशमय जीवन का आशीर्वाद दिया। अतरौलिया क्षेत्र के खानपुर फतेह निवासी सूरज पुत्र जोखू को दो वर्ष पहले हैदरपुर खास गांव की मोमिन खातून पुत्री वलीजान से प्यार हो गया। धीरे-धीरे प्यार परवान चढ़ा तो सूरज ने धर्म की दीवार को तोड़ने की जिद ठान ली। दोनों के परिजन भी इस पर सहमत हुए और बृहस्पतिवार को सम्मो माता मंदिर में दोनों की शादी हुई। परिजनों ने वर-वधू को आशीर्वाद दिया।