अहरौला। स्थानीय थाना क्षेत्र के शाहबानीपुर गांव निवासी राजकुमार पुत्र लौटन यादव की तहरीर पर अहरौला थाने में एक साल चार माह बाद हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। कोर्ट के आदेश पर अहरौला थाना पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत किया है।
अपनी तहरीर में राजकुमार ने बताया कि उसके भाई शिव कुमार की आठ साल पूर्व मौत हो गई थी। भाई की मौत के बाद उसकी पत्नी अनीता व पुत्री सलोनी उसके साथ ही गांव पर रहती थी। अगस्त 2019 में अनीता के मायके वाले उसे अपने साथ लेकर सरायमीर थाना क्षेत्र के ओस्ती गांव चले गए। जहां कुछ दिनों बाद मायके वालों ने उसके हिस्से की जमीन को अपने नाम करवा लिया और इसके बाद भाई की पत्नी की हत्या कर शव गायब कर दिया। जिसका आज तक अता-पता नहीं चला है। अहरौला थाने पर उसने कई बार तहरीर दिया लेकिन मुकदमा नहीं दर्ज हुआ। थकहार कर न्यायालय की शरण लिया। सभी साक्ष्यों को देखने के बाद न्यायालय ने मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। जिस पर राजकुमार अहरौला थाने पर पहुंचा और तहरीर दिया। जिसमें उसने रामप्रसाद, चंद्रभान, चंद्रिका, शारदा, राहुल व हरिराम को नामजद किया है। कोर्ट के आदेश पर अहरौला पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। वहीं राजकुमार के मृत भाई की बेटी सलोनी अभी ननिहाल में ही रह रही है।