शहर के कोडर अजमतपुर में वांछित आरोपियों के घर मुनादी की कार्रवाई करती पुलिस। श्रोत-पुलिस
- फोटो : 1
आजमगढ़। फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन बेचने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने के आरोपी गैंगस्टर एवं भूमाफिया कृष्णचंद्र राय गिरोह के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। शहर कोतवाली और बरदह पुलिस की संयुक्त टीम ने संगम राय उर्फ कुंदन राय एवं उसके सह आरोपियों के विरुद्ध कोडर अजमतपुर और बरदह थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर फेटी गांव में मुनादी की। ये कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर हुई।
सीओ सिटी शुभम तोदी ने बताया कि मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी, लेकिन उनके भागे रहने और न्यायालय में समर्पण न करने पर पुलिस ने उनके घरों व संबंधित स्थानों पर डुगडुगी बजवाकर मुनादी कराई और नोटिस चस्पा किया। कोतवाली में दर्ज मुकदमे के अनुसार कृष्णचंद्र राय गिरोह ने संगठित तरीके से फर्जी नक्शा-नजरी एवं कूटरचित अभिलेख तैयार कर जमीन बेचने के नाम पर लोगों से 33.30 लाख रुपये की ठगी की थी। विवेचना में सामने आया कि गिरोह की ओर से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अब तक कुल 13 मामलों में लगभग 2.87 करोड़ रुपये की ठगी की जा चुकी है।
सीओ ने बताया कि गिरोह का सरगना कृष्णचंद्र राय पूर्व में गिरफ्तार कर जिला कारागार भेजा जा चुका है। गिरोह में उसकी पत्नी रेनू राय और पुत्र संगम राय उर्फ कुंदन राय की सक्रिय भूमिका पाई गई है। उन्होंने बताया कि मुनादी के दौरान स्थानीय गवाहों की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई की गई और आरोपियों को निर्धारित समय में न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने की चेतावनी दी गई है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। जनपद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि आरोपियों के संबंध में कोई सूचना हो तो तत्काल निकटतम थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें, जिससे उनकी शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।