मजदूर हत्याकांड मामले में बुधवार को एमपी एमएलए कोर्ट न्यायाधीश ओम प्रकाश वर्मा की अदालत में माफिया मुख्तार अंसारी की वीसी से पेशी हुई। वकीलों की हड़ताल के चलते कोर्ट में मामले की सुनवाई नहीं हुई। न्यायाधीश ने सुनवाई के लिए अगली तारीख 11 मार्च तय की । वहीं इसी मामले में नामजद एक अभियुक्त सोहन पासी के खिलाफ न्यायालय ने वारंट जारी किया। तरवां थाना क्षेत्र के ऐराकला में सड़क ठेके के विवाद को लेकर ठेकेदार पर फायरिंग मामले में माफिया मुख्तार अंसारी नामजद है। इस घटना में ठेकेदार तो बाल-बाल बच गए थे लेकिन उनके दो मजदूर घायल हो गए थे। जिसमें एक की इलाज के दौरान वाराणसी में मौत भी हो गई। इस मामले में ठेकेदार ने तरवां थाने में माफिया मुख्तार अंसारी के साथ ही उनके लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। यह मामला एमपी एमएलए कोर्ट के न्यायाधीश ओम प्रकाश वर्मा की अदालत में विचाराधीन है।