आजमगढ़। वासंतिक नवरात्र को लेकर मां दुर्गा के मंदिरों को सजाने सवांरने का कार्य पूरा हो चुका है। नगर के दक्षिण मुखी देवी, निजामाबाद स्थित मां शीतला धाम, पल्हना स्थित मां पाल्हमेश्वरी धाम श्रद्धालुओं के दर्शन पूजन के लिए तैयार हो चुके हैं। वहीं कोरोना संक्रमण को देखते हुए शासन स्तर से पांच से अधिक लोगों के मंदिरों में एक साथ पूजन अर्चन करने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
नगर के मुख्य चौक स्थित दक्षिण मुखी देवी मंदिर की साफ सफाई का कार्य पूरा कर लिया गया है। मंदिर परिसर को सजाने के कार्य को भी समाप्त कर लिया गया है। मंदिर को विद्युत की आकर्षक झालरों से सजाया गया है।
वहीं जनपद में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा पांच लोगों के एक साथ मंदिर में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। इस दौरान उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए बैरिकेडिंग का कार्य अंतिम दौर चल रहा था जिसे देर शाम पूरा कर लिया गया। मंदिर के पुजारी शरद तिवारी ने बताया कि कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए श्रद्घालुओं को दर्शन पूजन कराया जाएगा। सुबह छह बजे से रात साढ़े बजे तक श्रद्घालू माता के दर्शन कर सकेंगे। एक बार में सिर्फ पांच लोगों को ही मंदिर के अंदर प्रवेश दिया जाएगा। निजामाबाद प्रतिनिधि के अनुसार भैरवपुर कला गांव स्थित मां शीतला का दरबार पूरी तरह से सज चुका है।
जगह-जगह नारियल व चुनरी की दुकानें लग गई हैं। शासन की गाइड लाइन के अनुसार मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के दर्शन करने की व्यवस्था बनाई जा रही है सैनिटाइजर के साथ हर श्रद्धालु मंदिर कैंपस में प्रवेश करेगा। मंदिर कैंपस के बाहर जगह-जगह पार्किंग की व्यवस्था बनाई गई है। एसडीएम निजामाबाद राजीव रतन सिंह द्वारा मंदिर परिसर का निरीक्षण किया गया और सफाई पर विशेष बल देते हुए वहां के कर्मचारियों को और बेहतर साफ-सफाई रखने का निर्देश दिया। पल्हना प्रतिनिधि के अनुसार नवरात्र के लिए मां पाल्हमेश्वरी धाम की साफ-सफाई का कार्य पूरा कर लिया गया है। मंदिर को आकर्षक ढ़ंग से सजाया संवारा गया है। कोरोना प्रोटोकाल के अनुसार श्रद्घालुओं को यहां दर्शन पूजन की अनुमति दी जाएगी।
- अंबुज राय