आजमगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह की अध्यक्षता में राजीव गांधी सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह सर्वोदय विद्यालय में धूमधाम से हुआ। मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त न्यायाधीश केडी सिंह ने बच्चों को पुरस्कार वितरित किया।
ऑनलाइन परीक्षा में प्रतिभाग करने वाले छात्रों में प्रथम पुरस्कार मोनिका सिंह को लैपटॉप दिया गया। द्वितीय पुरस्कार पंकज प्रजापति को मोबाइल, तृतीय पुरस्कार चांदनी खान को टैबलेट देकर पुरस्कृत किया गया। डेढ़ सौ छात्रों को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। विशिष्ट अतिथि सुमन कुमार सिंह रहे और संचालन सुचिता श्रीवास्तव ने किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि छात्रों को अपने भविष्य के साथ इतिहास को भी जानना बेहद जरूरी है। आजादी के साथ आज के हालात में देश के प्रथम प्रधानमंत्री से लेकर भारत रत्न राजीव गांधी की उपलब्धियों का जिक्र किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव मणीन्द्र मिश्र ने कहा कि छात्रों के हाथ में 18 वर्ष की उम्र से मताधिकार का अधिकार देकर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने लोकतंत्र सुरक्षा का औजार अपेक्षाकृत अधिक युवाओं के हाथ में सौंपा था। प्रवीण कुमार सिंह ने आठ छात्रों को समान अंक प्राप्त करने पर लकी ड्रा द्वारा नामों की घोषणा कराई। कहा कि आज के छात्र देश के भविष्य हैं। पुरस्कार वितरण समारोह में सर्वोदय विद्यालय के प्रबंधक राजेंद्र यादव, बेलाल अहमद, तेज बहादुर यादव, मुन्नू यादव, पुनवासी प्रजापति आदि लोग उपस्थित थे।