आजमगढ़। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शासन ने जनपद को 591 आवासों के निर्माण के लिए धनराशि भेजी गई थी। इसके सापेक्ष 122 लोग पात्र पाए गए हैं। शेष बचे 469 आवासों का पैसा जिला प्रशासन की ओर से शासन को वापस कर दिया गया है। वहीं जनपद में मुसहर, कुष्ठरोगी और दैवीय आपदा प्रभावितों को सीएम आवास दिया जाना है। इसके लिए 2145 का लक्ष्य दिया गया है। जिसमें सापेक्ष अब तक 1625 लोगों का आवास मंजूर हो चुका है।
परियोजना निदेशक अभिमन्यु सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 591 आवास का पैसा आया था। जांच में 122 ही पात्र लोग मिले, इसके बाद शेष बचे 469 आवासों का पैसा शासन को वापस कर दिया गया है। इसमें से 115 लोगों का आवास स्वीकृत भी हो चुके हैं। इनमें से 95 लोगों केे आवास की पहली किश्त भी जारी हो चुकी है और छह लोगों को दूसरी किश्त का भुगतान भी हो चुका है। वहीं मुसहर, कुष्ठ रोगियों और दैवीय आपदा प्रभावितों केे प्राथमिकता के आधार पर मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ देने का निर्देश है। जिसमें 107 कुष्ठ रोगी और 72 दैवीय आपदा प्रभावितों को आवास की स्वीकृति मिल चुकी है। कुल मिलाकर अब तक लक्ष्य के सापेक्ष 1625 आवास सैंक्शन हो चुके हैं। जल्द ही सबके खाते में धनराशि पहुंच जाएगी। वहीं डीएम एनपी सिंह ने बताया कि इसके साथ ही और लोगों को भी इस योजना से लाभान्वित किया जाएगा। इस समुदाय के जिन लोगों को ग्रामसभा में पट्टे पर जमीन दी गई है वहीं इनका आवास बनवाया जाएगा। यदि जमीन नहीं तो पट्टे पर जमीन भी आवंटित की जाएगी।