आजमगढ़ वाराणसी मार्ग पर सर्वे करती एनएचआई, पीडब्ल्यूडी और आरटीओ विभाग की संयुक्त टीम।
आजमगढ़। सड़क हादसों में कमी लाने और मृत्यु दर शून्य करने के उद्देश्य से जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट अभियान के तहत जिले में मॉडल सेफ रोड तैयार किए जाएंगे। इसके लिए सोमवार को एनएचआई, लोक निर्माण विभाग और संभागीय परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर नरौली से कंजहित तक सर्वे किया। टीम ने सड़क की खामियों को चिह्नित किया ताकि सुधार कार्य कराया जा सके।
शासन की योजना के अनुसार, जिले में दो सेफ मॉडल रोड बनाए जाएंगे। एक नेशनल हाईवे पर और दूसरा स्टेट हाईवे पर। इसके तहत ऐसी सड़कों का चयन किया जा रहा है, जहां पिछले तीन वर्षों में दस से अधिक सड़क हादसे दर्ज किए गए हों। सोमवार को सर्वे के दौरान एआरटीओ अतुल कुमार यादव, एनएचआई के विशाल पांडेय, प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संकर्षण लाल, एनएचआई के अधिशासी अभियंता कुमार चित्रांश, तकनीकी विशेषज्ञ अभिषेक पांडेय और ट्रैफिक इंस्पेक्टर संजय कुमार पाल मौजूद रहे। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के निर्देश पर शुरू की गई इस कवायद के तहत प्रस्तावित मॉडल सेफ रोड का ऑडिट कराया जाएगा। ऑडिट रिपोर्ट के आधार पर सुधार संबंधी प्रस्ताव तैयार कर पीडब्ल्यूडी निर्माण कार्य शुरू करेगा।