जहानागंज थाना क्षेत्र के गंभीरवन में बने नए आरटीओ कार्यालय से बृहस्पतिवार शाम घर लौट रहे आरआई प्रमोद कुमार गौतम की गाड़ी को 30-40 लोगों की भीड़ ने रोक लिया।
आरोप है कि भीड़ में शामिल लोगों के हाथ में डंडे, कुदाल और फावड़े थे। भीड़ को देखकर आरआई किसी तरह वहां से निकले और अपनी जान बचाई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो भीड़ वहां से भाग गई।
आरआई प्रमोद कुमार गौतम ने बताया कि एक व्यक्ति की ओर से हैवी ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। उन्होंने नियमों का हवाला देते हुए उसके अनुसार लाइसेंस बनवाने की बात कही थी। इसी बात को लेकर उक्त व्यक्ति नाराज हो गया।
उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार शाम कार्यालय से निकलने के बाद वह कुछ दूर पहुंचे ही थे कि सड़क पर 30-40 लोगों ने उनके वाहन को घेर लिया। इसके बाद उन्हें वाहन से नीचे उतरने के लिए कहा गया, लेकिन वह नहीं उतरे।
किसी तरह वाहन से ही वहां से आगे निकले और पुलिस को सूचना दी। पुलिस फोर्स के मौके पर पहुंचते ही भीड़ वहां से चली गई। आरआई ने थाने में इसकी सूचना दी। पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाया।
आरआई ने बताया कि उक्त व्यक्ति की ओर से माफी मांगी जा रही है और मामले को यहीं रफा-दफा कर दिया जाएगा। जहानागंज थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता हो गया है।