आजमगढ़। मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) अभियान के तहत पुलिस ने भरण-पोषण से जुड़े मामलों के निस्तारण में सफलता हासिल की है। जुलाई माह में प्रभावी पैरवी के जरिए 47 मामलों में पीड़ित महिलाओं को 5 लाख 19 हजार 125 रुपये की भरण-पोषण धनराशि दिलाई गई। वहीं, सितंबर 2025 से अब तक कुल 600 मामलों में 87 लाख 125 रुपये महिलाओं के बैंक खातों में पहुंचाए जा चुके हैं।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में जनपद के सभी थानों में भरण-पोषण से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कराया गया। क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल ने बताया कि एक जुलाई से 31 जुलाई के बीच 47 मामलों में न्यायालय के आदेश के अनुपालन के बाद महिलाओं के खातों में कुल 5.19 लाख रुपये की धनराशि भेजी गई। वहीं, 22 सितंबर 2025 से 31 जुलाई 2026 तक कुल 600 मामलों में 87 लाख 125 रुपये की भरण-पोषण राशि दिलाई गई।