अमित शाह ने आगे कहा कि मैं यहां एक बार प्रचार के लिए आया था। तब देखा रात में गांव में बिजली नहीं रहती। 24 घंटे बिजली उस समय मिलती थी जब रमजान होता था। लेकिन अब हालात बदल गए हैं। आज सबको बिजली मिल रही है। एक समय था जब आजमगढ़ की पहचान हरिहरपुर संगीत घराने से होती थी। जिसे सपा, बसपा और कांग्रेस ने धूमिल किया। यहां से निकले कलाकार चाहे वह पंडित छन्नू लाल मिश्र हो या फिर पंडित अंबिका मिश्र, पंडित रामदास हों या फिर बुलबुल मिश्र...सभी कलाकारों ने अपनी प्रतिभा से पूरे विश्व में हरिहरपुर घराने का नाम आगे बढ़ाया है। जिसे देखते हुए आज हरिहरपुर में संगीत महाविद्यालय की स्थापना की जा रही है।
आजमगढ़ के नामदारपुर में आयोजित लोकार्पण व शिलान्यास समारोह के दौरान आयोजित जनसभा अमित शाह ने जनसभा में मौजूद जनता से सवाल किया कि सपा, बसपा, कांग्रेस क्या देश का विकास कर सकते हैं? कभी कोरेाना में आपने अखिलेश यादव को देखा? कभी टीका लगाने आए यहां। इस पर जनता ने नहीं में जवाब दिया। उन्होंने लोगों से अपील किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में एक बार फिर कमल खिलाकर नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री चुनें।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले आजमगढ़ का नाम विस्फोट और विनाशकारी कामों में आता था। आज आजमगढ़ का नाम विकास के लिए आता है। यह अच्छे नेतृत्व का ही परिणाम है कि तीन साल से 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है। कोरोना काल में भी लोगों को मुफ्त राशन मिला। वहीं पाकिस्तान में रोटी के लाले पड़े हैं। अगर स्वार्थी और भ्रष्ट सरकार होती तो हालत पाकिस्तान जैसी होती। आज मेघालय, त्रिपुरा, आसाम सहित देश के ज्यादातर राज्यों में भाजपा की सरकार है या फिर उसकी सहयोगी सरकार है। जिससे एक भारत श्रेष्ठ भारत का सपना साकार हो रहा है।
भारत ने दुनिया के सामने विकास, सुरक्षा व समृद्धि को एक नया मानक तय किया है। प्रधानमंत्री व गृहमंत्री के नेतृत्व में आज यूपी आगे बढ़ रहा है। आजमगढ़ के सामने 2017 से पहले पहचान का संकट था। आजमगढ़ का नौजवान देश के अंदर कहीं चला जाए तो उसे कोई किराए पर कमरे देने की बात तो दूर नाम से ही लोग चिढ़ते थे। लेकिन आज हालात अलग हैं। प्रधानमंत्री ने आजमगढ़ को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से जोड़ने का काम किया। आजमगढ़ में राज्य विश्वविद्यालय भी बन रहा है। इसका भव्य उद्घाटन बहुत जल्द ही होने वाला है।