मेंहनगर। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सुर्जनपुर गांव स्थित मंगई नदी किनारे पेड़ पर गमछे से लटका युवक का शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक छह दिनों से लापता था और थाने में उसकी गुमशुदगी भी दर्ज थी।
सुर्जनपुर गांव के ग्रामीण मंगलवार को दिन में लगभग 11 बजे किसी काम से मंगई नदी की तरफ गए तो एक पेड़ से गमछे के सहारे युवक का शव लटका हुआ देखा। पेड़ से शव लटका होने की जानकारी होते ही काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। कुछ ही देर में युवक की पहचान 22 वर्षीय पवन कुमार पुत्र रामप्रसाद राम के रुप में हुई। प्रधान ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दिया। सूचना पर गंभीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से उतरवा कर पीएम के लिए मोर्चरी भेज दिया। मृतक सात जुलाई से ही घर से लापता था। पिता ने थाने में गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। अब शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया है। मृतक दो भाईयों में छोटा था। बड़ा भाई पंकज रोजीरोटी के चक्कर में दिल्ली रहता है।