आजमगढ़। जनपद में मौसम का मिजाज नर्म पड़ने का नाम नहीं ले रहा है। तापमान में रोज गिरावट दर्ज की जा रही है। मंगलवार को जहां अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी। वहीं बुधवार को न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। पूरे दिन बादल छाए रहे। सूर्य के दर्शन नहीं हुए। इसके कारण पूरा दिन कांपते हुए बीता। मौसम की करवट ने लोगों को कंपा दिया। ठंड ने जनपदवासियों को कश्मीर जैसी सर्दी का अहसास करा दिया है।
गलन के चलते लोगों के हाथ-पैर सुन्न पड़ जा रहे हैं। जिसको कोई काम नहीं है वह घरों में दुबकने में ही भलाई समझ रहे हैं। जिनके पास साधन है वह हीटर, ब्लोअर आदि के जरिए अपनी ठंड को दूर कर रहा है। लेकिन, जिनके पास कोई साधन नहीं है उसके लिए अलाव ही सहारा बना हुआ है। मंगलवार की तरह बुधवार को भी पूरे दिन सूर्य के दर्शन नहीं हुए। जिसके कारण लोगों की कंपकंपी छूट गई। बुधवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई।