अमिलो। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव के पास तमसा नदी में ग्रामीणों ने एक व्यक्ति का शव उतराया हुआ देखा। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया और शिनाख्त की कवायद शुरू किया। शव की पहचान होने के बाद उसे पीएम के लिए मर्चरी भेज दिया गया। सिकंदरपुर गांव के ग्रामीण शनिवार को शौच के लिए गांव के बगल से गुजरी तमसा किनारे गए तो नदी में एक व्यक्ति का शव उतराया हुआ देखा। नदी में शव मिलने की सूचना जंगल के आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाल कर शिनाख्त की कवायद में जुट गई। मृतक के पैंट की जेब में मिले डायरी व कागज के आधार पर कुछ ही देर में उसकी पहचान सिधारी थाना क्षेत्र के बेलइसा जाफरपुर निवासी 50 वर्षीय फैय्याज उर्पु नागा पुत्र मोहम्मद मोहसिन के रुप की गई। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना देने के साथ ही शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। एसओ एसपी सिंह ने बताया कि जेब में मिली डायरी में लिखे नंबर से परिजन को घटना से अवगत करा दिया गया है। मृतक किसी बात से परिजनों से नाराज होकर तीन-चार दिन पूर्व घर से निकला था। वह दो पुत्र व चार पुत्रियों का पिता था।