रोवां स्थित यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल में अमर उजाला की नई दिशा कार्यशाला में शामिल छात्राएं। संवाद
- फोटो : Archive
अमर उजाला की ओर से शनिवार को रोवां स्थित यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल में ‘नई दिशा : भविष्य की ओर पहला कदम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यशाला में 140 विद्यार्थियों को भविष्य संवारने, सही निर्णय लेने और मानसिक दबाव से निपटने के तरीके बताए गए। मुख्य अतिथि ने करीब 60 मिनट तक विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें सफलता के मंत्र दिए।
‘भविष्य की सफलता सिर्फ परीक्षा के अंकों पर निर्भर नहीं करती’ थीम पर आयोजित कार्यशाला में मुख्य अतिथि ने कहा कि जीवन में फैसले केवल भावनाओं के आधार पर नहीं, बल्कि तथ्यों को परखने के बाद लेने चाहिए। विद्यार्थियों को तथ्यों के आधार पर निर्णय लेने की आदत डालनी चाहिए। सफलता केवल प्रतिशत या परसेंटाइल से तय नहीं होती, बल्कि व्यक्ति का चरित्र, व्यक्तित्व, विचार और व्यवहार भी उसके भविष्य को दिशा देते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि अभी से तय करना होगा कि उन्हें सामान्य जीवन जीना है या मेहनत के दम पर सफलता की नई ऊंचाइयां हासिल करनी हैं। इसके लिए वर्तमान समय सबसे महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों को अपनी क्षमता पहचानकर लक्ष्य के प्रति गंभीर होना होगा। इस उम्र में की गई मेहनत और तैयारी का लाभ भविष्य में मिलता है।
कार्यशाला में विद्यार्थियों को परीक्षा के दबाव से बचने, आत्मविश्वास बनाए रखने और असफलता से निराश न होने की सीख दी गई। दूसरों से तुलना करने के बजाय अपनी कमियों को पहचानकर उनमें सुधार करने की सलाह दी गई। साथ ही किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक समझ विकसित करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य अंजली सिंह, उप प्रधानाचार्य निजामुद्दीन साउथ सिद्दीकी, संचालक अमरनाथ विश्वकर्मा, नवनीत विश्वकर्मा, संजय सिंह, असद, रवि गौतम और प्रतिभा मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।