जमीन के विवाद में बुधवार की सुबह मनबढ़ों की पिटाई में घायल होकर दिन में सवा दस बजे के करीब सीएचसी हरैया में मेडिकल करा रहे रौनापार क्षेत्र के करखिया रुस्तम सराय गांव निवासी वृद्ध मद्धू गुप्ता (60) और उसके पुत्र चंदन (20) पर मनबढ़ों ने दुबारा हमला कर दिया। बीच-बचाव करने में चिकित्सा प्रभारी और फार्मासिस्ट भी घायल हो गए। कई उपकरण टूट गए और दवाइयां, कागज बिखर गए। चिकित्सा प्रभारी ने कार्रवाई के लिए डीएम, एसपी और सीएमओ को पत्र लिखा है।
रौनापार थानाक्षेत्र के करखिया रुस्तम सराय गांव निवासी मद्धू गुप्ता का गांव में कुछ लोगों से जमीन का विवाद है। बुधवार की सुबह विवाद होने पर विपक्षियों ने मद्धू को पीट दिया। मद्धू का बेटा चंदन थाने पर सूचना देने के बाद पिता को मेडिकल के लिए सीएचसी हरैया ले गया। सवा दस बजे के करीब चिकित्सा प्रभारी डॉ. देवानंद यादव और फार्मासिस्ट रामचंदर यादव मद्धू का मेडिकल कर रहे थे।
तभी स्कार्पियो में सवार पांच लोग लाठी-डंडा लेकर अस्पताल में पहुंचे और डाक्टर के केबिन में मौजूद चंदन और उसके पिता पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने में डॉक्टर और फार्मासिस्ट भी घायल हो गए। अस्पताल में अफरातफरी मच गई। कई उपकरण टूट गए। कर्मचारियों ने एसओ रौनापार को इसकी सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही मनबढ़ फरार हो गए।
घायल पिता-पुत्र की हालत गंभीर देख उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टर और फार्मासिस्ट ने सीएचसी पर ही अपना इलाज कराया। चिकित्सा प्रभारी डा. देवानंद यादव ने बताया कि उन्होंने दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए सीएमओ, डीएम और एसपी को पत्र लिखा है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरैया के चिकित्सा प्रभारी डा. देवानंद यादव की तहरीर के आधार पर पांच लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।- शैलेंद्र कुमार सिंह, एसपी ग्रामीण