आजमगढ़। कोरोना के मामले एक बार फिर तेजी से बढ़ने लगे हैं। बाजारों में निकलने वाले 60 प्रतिशत लोग बिना मास्क के ही सड़कों पर घूम रहे हैं। इतना ही नहीं सामाजिक दूरी भी कहीं नहीं दिख रही। ग्राहकों के साथ ही दुकानदार भी बिना मास्क के आसानी से देखे जा सकते है। प्रतिदिन बिना मास्क के 212 लोगों का चालान हो रहा है। इसके बाद भी लोग लापरवाह बने हुए है। ऐसे में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के फैलने से इंकार नहीं किया जा सकता है। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच शहर के लोग जागरूक नहीं दिख रहे है। बाजारों में भीड़ उमड़ रही है। अस्पताल हो अथवा रोडवेज-रेलवे स्टेशन कहीं भी सोशल डिस्टेंसिंग नहीं दिख रही है।। शहर के सभी प्रमुख बाजारों में जाम लग रहा है। कोरोना से बचाव के लिए सामाजिक दूरी व मास्क दोनों हथियार कहीं नजर नहीं आ रहे है। गाइड लाइन का अनुपालन कराने की जिम्मेदारी पुलिस महकमे की है लेकिन महकमा भी शिथिल हो चुका है। बीते एक माह की बात की जाए तो जिले में कुल 6358 लोगों का चालान काटा गया है। जिसके हिसाब से प्रतिदिन 212 लोगों का चालान कटा, इसके बाद भी लोग लापरवाही बरत रहे है। मास्क चेकिंग के लिए नोडल अधिकारी बनाए गए एसपी यातायात सुधीर जायसवाल ने बताया कि बिना मास्क वालों का चालान काटने की कवायद प्रतिदिन की जा रही है। त्योहारों के चलते इसकी रफ्तार कुछ धीमी जरूर हुई थी लेकिन अब पुन: तेजी लाई जाएगी। उन्होंने बताया कि बीते एक माह में पूरे जिले में कुल 6358 लोगों का चालान मास्क न लगाने के चलते किया गया और इनसे 8.57 लाख रुपये की वसूली भी की गई। एसपी ट्रैफिक सुधीर कुमार ने बताया कि जिम्मेदारों को बिना मास्क के सड़कों पर निकलने वालों पर कार्रवाई का नए सिरे से दिशा निर्देश जारी कर दिया गया है। निश्चित तौर पर बिना मास्क वालों का चालान काटा जाएगा। क्योकि जरा सी लापरवाही से जिले में कोरोना का संक्रमण एक बार फिर फैल सकता है। ऐसे में सभी से यह अपील भी है कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें और मास्क का प्रयोग अवश्य करें।