लालगंज (आजमगढ़)। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कपसेठा गांव निवासीनी एक विवाहिता ने शुक्रवार को दिन में साड़ी का फंदा बना कर छत के चुल्ले से लटक कर आत्महत्या कर ली। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के भाई की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़ कर शव फंदे से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया।
बरदह थाना क्षेत्र के कोदहरा गांव निवासी बाबूराम यादव ने अपनी बेटी 22 वर्षीय डिंपल का विवाह मई 2019 में देवगांव कोतवाली के कपसेठा गांव निवासी सूरज यादव के साथ किया था। सूरज रोजीरोटी के लिए बीते दो माह पूर्व मुम्बई चला गया था और अगली बार आने पर उसे भी साथ ले जाने का वादा किया था। शुक्रवार को साढ़े दस बजे डिंपल के सास-ससुर खेत से गेहूं काट कर घर पहुंचे तो बहु को आवाज देते हुए खाना मांगा। कई आवाज पर भी जब बहु नहीं आई तो सात उसके कमरे पर पहुंची। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और अंदर से कोई सुगबुगाहट नहीं मिल रही थी। जिस पर सास-ससुर ने पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी। इसके साथ ही पुलिस व मायके वालों को भी जानकारी दी गई।
सूचना पर कुछ ही देर में डिंपल का भाई तहसीलदार मौके पर पहुंच गया। इस बीच देवगांव कोतवाली पुलिस भी आ गई। भाई की मौजूदगी में ही पुलिस ने डिंपल के कमरे का दरवाजा तोड़ा तो वह अंदर साड़ी के सहारे फंदे पर लटक रही थी। पुलिस ने शव को उतरा और पीएम के लिए मर्चरी भेज दिया। मौके से पुलिस ने फंदा बनाने के लिए प्रयोग की गई साड़ी के साथ ही मृतका की मोबाइल को अपने कब्जे में ले लिया। इंस्पेक्टर देवगांव एसपी सिंह ने बताया कि घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो रहा है। हर एंगल पर जांच पड़ताल की जा रही है।