आजमगढ़। उत्तर माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) वर्ष 2021 की इंटरमीडिएट की प्रायोगिक परीक्षाएं तीन से 12 फरवरी तक दो चरणों में होगी। जिले में प्रायोगिक परीक्षा प्रथम चरण में होगी। हाईस्कूल की प्रायोगिक परीक्षा (आंतरिक मूल्यांकन), नैतिक खेल एवं शारीरिक शिक्षा तथा इंटरमीडिएट की खेल एवं शारीरिक शिक्षा के प्राप्तांक विद्यालयों के प्रधानाचार्य के माध्यम से परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड किए जाएंगे।
प्रायोगिक परीक्षाओं के संबंध में अन्य आवश्यक जानकारी तथा परीक्षकों की नियुक्ति आदि की सूचना परिषद के संबंधित क्षेत्रीय कार्यालयों से प्राप्त होगी। इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए पंजीकृत समस्त संस्थागत तथा व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के अनिवार्य विषय नैतिक योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा की प्रायोगिक परीक्षाएं विद्यालय स्तर पर प्रधानाचार्य द्वारा संपादित कराई जाएंगी। डीआईओएस ने बताया कि हाईस्कूल की प्रायोगिक परीक्षाएं गत वर्ष की भांति विद्यालय स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर संपादित कराई जाएंगी। 25 जनवरी से वेबसाइट पर लिंक क्रियाशील हो जाएगी।