Many services of divisional hospital affected
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। मंडलीय अस्पताल पर टीएंडएम कंपनी के माध्यम तैनात कर्मियों की सेवा समाप्त हो जाने से शनिवार को अस्पताल पर दुर्व्यवस्था का हाल नजर आया। डिजिटल एक्स-रे, ओपीडी पर्ची काउंटर समेत कई कार्य पूरी तरह से ठप रहे। शनिवार को अस्पताल पर आए मरीजों को काफी दुश्वारियां झेलनी पड़ीं।
मंडलीय अस्पताल पर टी एंड एम कंपनी के माध्यम से आउटसोर्स पर 108 कर्मियों की तैनाती थी। इसमें नर्स, वार्ड ब्वाय, एक्स-रे टेक्निशियन, ओटी टेक्निशियन, इलेक्ट्रीशियन समेत अन्य कर्मी शामिल थे। कंपनी का कांट्रैक्ट पिछले माह ही समाप्त हो गया था। शासन स्तर से कांट्रेक्ट मात्र एक माह के लिए बढ़ाया गया था जो 31 अक्टूबर को पूरी तरह से समाप्त हो गया। इन 108 कर्मियों के हट जाने से अस्पताल की व्यवस्था काफी बुरी तरह से प्रभावित हुई है। शनिवार को अस्पताल प्रशासन कर्मियों के अभाव में डिजिटल एक्स-रे का संचालन ही नहीं करा सका। वहीं ओपीडी पर्ची काउंटर भी बंद रहा और एक व्यक्ति पुरानी व्यवस्था के तहत पर्ची काटता नजर आया। इतना ही नहीं ईसीजी की सुविधा भी अस्पताल में ठप ही रही। डिजिटल एक्स-रे कक्ष का तो शनिवार को ताला ही नहीं खुला। आऊटसोर्स कर्मियों की सेवा समाप्त होने से अस्पताल की व्यवस्था प्रभावित हुई है, जिसका खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। दूर दराज से इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे मरीजों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। शनिवार को छठ पर्व के चलते भीड़ कम थी लेकिन सोमवार को जब रविवार की छुट्टी के बाद अस्पताल खुलेगा तो मरीजों को संभालना अस्पताल प्रशासन के लिए बेहद मुश्किल होगा।