अहरौला/लाटघाट। अहरौला थाना क्षेत्र के कोतवालीपुर गांव के पास गुरुवार की सुबह अनियंत्रित पिकअप की टक्कर से साइकल सवार युवक की मौत हो गई। उसका छोटा भाई घायल हो गया। जबकि उसकी एक माह की बच्ची बाल-बाल बच गई। करवा चौथ के दिन सुहाग उजड़ने से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं रौनापार थाने के सहनूपुर गांव के पास बुधवार की रात अनियंत्रित बाइक पलट जाने से अधेड़ की मौत हो गई। सरायमीर थाने के पवई लार्डपुर गांव के पास आटोरिक्शा से गिरकर युवक घायल हो गया। दोनों घायलों की हालत गंभीर है।
अहरौला थाना क्षेत्र के बहेरा गांव निवासी शीत बसंत चौहान (30) को एक माह पूर्व बेटी पैदा हुई थी। बेटी को पीलिया हुआ था। शीत बसंत गुरुवार को अपने छोटे भाई के साथ बेटी को इलाज के लिए ले जा रहा था। साइकल छोटा भाई चला रहा था जबकि शीत बसंत बेटी को गोद में लेकर बैठा था। कोतवालीपुर गांव के पास पीछे से अनियंत्रित पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। इसमें दोनों भाई घायल हो गए जबकि बेटी दूर फेंका गई। हालांकि उसे खरोंच तक नहीं आई। लोगों ने दोनों भाइयों को सीएचसी अतरौलिया में भर्ती कराया जहां डाक्टर ने दोनों को रेफर कर दिया। रास्ते में शीत बसंत की मौत हो गई। शीत बसंत की पत्नी ने उसकी लंबी उम्र के लिए करवाचौथ का व्रत रखा था।
इसी क्रम में रौनापार थाने के सहनूपुर गांव निवासी प्रेम सिंह पटेल (48) बुधवार की रात करीब आठ बजे बाजार से घर लौट रहा था। गांव के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई और प्रेम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। लोग जब तक उसे अस्पताल ले जाते उसकी मौत हो गई। वह दो भाईयों में छोटा और तीन बच्चों का पिता था। वहीं निजामाबाद थाने के निकामुद्दीनपुर गांव निवासी राधेश्याम गुरुवार को अपने आटोरिक्शा में साले मनोज (24) पुत्र मेवालाल को सरायमीर के सुरहीखुर्द गांव स्थित घर पहुंचाने जा रहा था। रास्ते में पवईलार्डपुर गांव के पास मनोज आटोरिक्शा से गिरकर घायल हो गया। उसका फूलपुर बाजार में स्थित एक अस्पताल में इलाज चल रहा है जहां हालत गंभीर बनी हुई है।