आजमगढ़। शासन की ओर से पं. दीन दयाल आदर्श नगर पंचायत योजना के लिए महाराजगंज नगर पंचायत का चयन किया है। योजना के तहत नगर पंचायत में दो से तीन करोड़ की लागत से विकास कार्य कराए जाएंगे। इसके लिए जिला प्रशासन से नियमानुसार डीपीआर तलब की गई है। योजना के तहत आजमगढ़ से महाराजगंज और फूलपुर का प्रस्ताव भेजा गया था।
छोटी और नई नगर पंचायतों के विकास के लिए शासन की ओर से पं. दीनदयाल आदर्श नगर पंचायत योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत आने वाले कुछ वर्षों के ध्यान में रखकर अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए डीपीआर तैयार की जाती है। योजना के तहत जिला प्रशासन से वित्तीय वर्ष 2019-20 के लिए नगर पंचायत का प्रस्ताव मांगा गया था। जिला प्रशासन की ओर से इस बार फूलपुर और महाराजगंज नगर पंचायत का प्रस्ताव भेजा गया था। फूलपुर नगर पंचायत की जनसंख्या 9329 और महाराजगंज की 6735 है। शासन की ओर से इस वर्ष के लिए योजना के तहत महाराजगंज को चयनित किया गया है। जिला प्रशासन से इसके विकास के डीपीआर तलब की गई है। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार विकास के लिए नियमानुसार लगभग दो करोड़ का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए हैं। शासन के निर्देश के बाद जिला प्रशासन की ओर से इस दिशा में कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
पं. दीनदयाल आदर्श नगर पंचायत योजना के तहत इस बार शासन की ओर से महाराजगंज नगर पंचायत का चयन किया गया है। निर्देश के अनुसार डीपीआर तैयार करा जल्द शासन को भेजा जाएगा। - एनपी सिंह, जिलाधिकारी