थाना क्षेत्र के सजनी मोड़ सर्विस लेन पर मंगलवार को मैजिक और बाइक में हुई टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य युवक जो मौके पर मौजूद था गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक में टक्कर मारने के बाद मैजिक सड़क किनारे पलट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजा। सजनी गांव निवासी मो. हमजा (20) मंगलवार को दिन में अपने मित्र साजिद (22) के साथ बाइक से कहीं जा रहा था। दोनों गांव के बाहर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के सर्विस लेन पर मोड़ के पास पहुंचे थे कि सामने से आ रही मैजिक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार हमजा व साजिद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पहले से मोड़ पर खड़ा अब्दुल हई (19) मैजिक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद मैजिक भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। सूचना पर अहरौला पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अब्दुल हई को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा। हादसा होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। उधर, घटना की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मैजिक के चालक को हिरासत में लिया। साथ ही वाहन को थाने ले आई। हमजा व साजिद तीन-तीन भाईयों में सबसे छोटे थे। हमजा जहां 15 दिन पूर्व ही मुम्बई से घर लौटा है तो वहीं साजिद गांव की एक चट्टी पर सैलून चलाता था।