आजमगढ़। रानी की सराय थाना क्षेत्र के मोमादिसपुर गांव निवासी मोहम्मद जाकिर लखनऊ एयरपोर्ट से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। सोमवार को परिवार के लोगों ने एसपी कार्यालय में ज्ञापन देकर मदद की गुहार लगाई है।
बताया कि मो. जाकिर छह माह पूर्व दुबई गया था। 13 जून को जहाज से भारत के लिए रवाना हुआ। लखनऊ एअरपोर्ट पहुंचने के बाद से लापता हो गया। जाकिर के घर नहीं पहुंचने पर परिवार के लोग उसकी तलाश में लखनऊ पहुंचे। काफी खोजबीन के बाद उसका कुछ पता नहीं चला। परिवार के लोगों ने उसके लापता होने की सूचना लखनऊ के सरोजनी नगर थाने में दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली, लेकिन वहां से भी कोई मदद नहीं मिली। सोमवार को पीड़ित परिवार एसपी से गुहार लगाने पहुंचा, पर उनसे मुलाकात न होने के कारण कार्यालय में ज्ञापन देकर लोग लौट गए। इसके बाद परिवार के लोग समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष हवलदार यादव से मिले। मो. शाहिद ने बताया कि सपा जिलाध्यक्ष ने मदद का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन हमारी मदद नहीं करता है तो हम धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।