रसोई गैस न मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने कस्बा स्थित गैस एजेंसी पर नारेबाजी के बीच प्रदर्शन किया। कहा कि गैस बुक कराए सप्ताहभर से ऊपर हो गया।
लेकिन अभी तक उन्हें गैस नहीं मिली। उन्होंने अधिकारियों से अविलंब गैस उपलब्ध कराने की मांग की है।
गुरुवार को जब उपभोक्ता गैस एजेंसी पर गैस के लिए पहुंचे तो उन्हें गैस नहीं मिली। हालांकि उन्होंने सप्ताहभर पहले ही गैस की बुकिंग नियमानुसार कर रखी थी।
गैस न मिलने पर उपभोक्ताओं ने गैस संचालक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वह लोग एक सप्ताह से गैस के लिए दौड़ रहे हैं लेकिन एजेंसी कर्मचारियों द्वारा उन्हें बार-बार दौड़ाया जा रहा है।
कर्मचारी आज-कल कह कर उन्हें गैस देने में आनाकानी कर रहे हैं। कर्मचारियों का यह रवैया अब वह बर्दाश्त नहीं करेंगे।
आरोप लगाया कि जब भी वह गैस के लिए एजेंसी पर पहुंचते हैं तो संचालक गायब रहते हैं। आखिर वह अपनी शिकायत किस से करें।
उन्होंने कहा कि एजेंसी के खुलने और बंद होने का कोई समय निर्धारित नहीं है। प्रदर्शनकारी गैस उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उन्हें इस तरह दौड़ाया जाता रहा तो
वह जिलाधिकारी से इसकी शिकायत करते हुए गैस एजेंसी संचालक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग उठाएंगे। इस अवसर पर गोपाल गुप्ता, मु. राशिद, आलोक कुमार, ताले मुन्निसा, अब्दुल कुद्दूस आदि मौजूद रहे।