उच्च न्यायालय द्वारा धार्मिक स्थलों पर तेज ध्वनि में बजने वाले लाउडस्पीकरों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। सोमवार को मुबारकपुर थाने के वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुरेश सिंह हमराहियों के साथ कस्बे में भ्रमण कर रहे थे। तेज आवाज में मस्जिद में लाउडस्पीकर बजता मिलने पर उन्होंने एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
सुरेश सिंह ने बताया कि सोमवार को जब वह हमराहियों के साथ मुबारकपुर थाना क्षेत्र के कटरा मुहल्ले में भ्रमण कर रहे थे तो उन्होंने हप्सा मस्जिद में तीन लाउडस्पीकर को तीव्र ध्वनि में बजते हुए पाया। चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति मस्जिद के अंदर से आया। पूछने पर उसने अपना नाम इमान रिजवान बताया। जब उससे उन्होंने तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाने का कारण पूछा तो उसने बताया कि वह इस मस्जिद की देखरेख करता हे और काफी दिनों से इतनी ही तेज आवाज में लाउडस्पीकर को बजाता आ रहा है। उसके इस प्रकार तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाने से जहां प्रतियोगी परीक्षा की तैयारियों में जुटे छात्रों को बाधा उत्पन्न हो रही है, वहीं बीमार और वृद्ध जनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही पर्यावरण प्रदूषण के साथ ही उच्च न्यायालय के गाइड लाइन का उल्लंघन भी हो रहा है। सुरेश सिंह द्वारा उक्त व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।