पवई शिक्षा क्षेत्र के इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय गुमकोठी में मंगलवार को मध्याह्न भोजन में छिपकली मिली। सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान दिनेश यादव ने स्वास्थ्य विभाग की टीम बुलाकर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
जांच में बच्चों का स्वास्थ्य ठीक मिला। विद्यालय में 103 बच्चों का नामांकन है और यहां एक शिक्षामित्र व चार अध्यापक तैनात हैं। मंगलवार को मेन्यू के अनुसार दाल और चावल बनाया गया था।
दोपहर में बच्चों की थाली में भोजन परोसा गया। तभी एक बच्चे की थाली में दाल में छिपकली दिखाई दी, जिससे वह डर गया और अन्य बच्चे भी भोजन छोड़कर उठ गए।
शिक्षामित्र छगनलाल ने मध्याह्न भोजन को रसोई से उठाकर बाहर फेंकवा दिया। ग्राम प्रधान दिनेश यादव को सूचना मिलते ही उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई के चिकित्सकों को बुलाकर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया। बच्चों का स्वास्थ्य ठीक पाए जाने पर अभिभावकों ने राहत की सांस ली और अपने बच्चों को घर ले गए।
खंड शिक्षा अधिकारी पवई संतोष कुमार सिंह कहा कि यह घोर लापरवाही और अक्षम्य है। प्रधानाध्यापिका सुनीता यादव को संबंधित रसोइया के खिलाफ रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया है। सभी बच्चे सुरक्षित हैं।