आजमगढ़। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और जाम मुक्त बनाने के लिए सीएफडी (कंजेशन फ्री डिस्ट्रिक्ट) योजना के तहत व्यापक तैयारी शुरू कर दी गई है। विभाग ने जिले में सर्वाधिक जाम वाले 10 स्थानों को चिह्नित किया है। ट्रैफिक पुलिस अब तकनीक और सख्त नियमों के सहारे जाम की समस्या से निपटेगी। शहर के प्रमुख चौराहों और सड़कों की स्थिति का लाइव वीडियो इंटरनेट मीडिया पर साझा किया जाएगा, जिससे लोग घर से निकलने से पहले ट्रैफिक की स्थिति जान सकें और जाम में फंसने से बच सकेंगे। एसपी यातायात विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर लगे अत्याधुनिक कैमरों की लाइव फीड ट्रैफिक पुलिस को प्राप्त हो रही है। इसके माध्यम से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालान की कार्रवाई के साथ-साथ वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान भी ट्रैफिक व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी। जाम की स्थिति पर निगरानी रखते हुए 30-30 सेकेंड के वीडियो रोटेशन के आधार पर सोशल मीडिया पर आमजन के लिए अपलोड किए जाएंगे।
सीएफडी टीम की संरचना : जनपद में सीएफडी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। प्रत्येक टीम में एक टीएसआई और चार मुख्य आरक्षी/आरक्षी शामिल होंगे। यह टीम सड़क के एक छोर से दूसरे छोर तक लगातार निगरानी करेगी। सड़कों पर अव्यवस्थित खड़े वाहनों पर तत्काल चालान की कार्रवाई के साथ उन्हें हटवाया जाएगा।
पायलट प्रोजेक्ट के तहत लागू : सीएफडी योजना को प्रदेश के 20 जनपदों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू किया गया है। इसमें आजमगढ़ जनपद को भी शामिल किया गया है। प्रशासन का मानना है कि इस योजना के सफल क्रियान्वयन से शहरवासियों को जाम से बड़ी राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था अधिक व्यवस्थित हो सकेगी।
इन सड़कों को किया गया चिन्हित -
- मंडलीय जिला चिकित्सालय (थाना कोतवाली बलरामपुर) से अग्रसेन चौराहा (थाना कोतवाली)
- मंडलीय जिला चिकित्सालय (हाफिजपुर चौराहा व जुनैदगंज चौराहा होते हुए) से भंवरनाथ बाईपास (थाना कंधरापुर)
- हरवंशपुर तिराहा (थाना सिधारी) से भदुली चौराहा अंडरपास (थाना सिधारी)
- रेलवे स्टेशन तिराहा (थाना सिधारी) से सेमरहा अंडरपास (थाना सिधारी)
- मऊ रोड शंकर तिराहा (थाना सिधारी) से हर्रा की चुंगी (थाना कोतवाली)
- जगदीशपुर पुलिया (थाना फूलपुर) से तहसील फूलपुर गेट तक (थाना फुलपुर)
- मुबारकपुर कस्बा (थाना मुबारकपुर) से सठियाव चौराहा (थाना मुबारकपुर)
- मुबारकपुर तिराहा डाक बंगला, कस्बा जीयनपुर (थाना जीयनपुर) से लाट घाट पुलिया (थाना जीयनपुर)
- रेतवा की मुहानी आंगन ढाबा (थाना देवगांव) से मसीरपुर तिराहा (थाना देवगांव)
- गोपलापुर पुलिया (थाना कप्तानगंज) से कस्बा कप्तानगंज–महराजंगज (थाना कप्तानगंज)
0000
सीएफडी योजना के अंतर्गत शहर में जाम से सबसे अधिक प्रभावित 10 स्थानों को चिन्हित किया गया है। इन सभी स्थानों का दो दिनों के भीतर निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। ट्रैफिक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को प्रेडिक्टिव ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के रूप में विकसित किया गया है, जहां से पूरे शहर की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। जाम की आशंका होते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा जाएगा।- विवेक कुमार त्रिपाठी, एसपी ट्रैफिक आजमगढ़।