लाटघाट। रौनापार थाना क्षेत्र के देवारा इस्माइलपुर गांव निवासी एक अधेड़ व एक युवक की बिजली गिरने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कर दोनों के शव पीएम के लिए भेज दिया।
देवारा इस्माइलपुर गांव निवासी भीम (50) और प्रमोद (25) पुत्र हरिश्चंद मंगलवार को दोपहर में अपने-अपने मवेशी लेकर चराने के लिए गांव के बाहर सिवान में गए थे। इसी दौरान दो बजे बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी होते ही काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर रौनापार थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दोनों के शवों का पंचनामा कर पुलिस ने पीएम के लिए भेज दिया। मृतक भीम तीन भाइयों में बड़ा था तो वहीं प्रमोद तीन भाइयों में छोटा था। घटना से दोनों के परिजनों में कोहराम मच गया है।