आजमगढ़ जिले में तेंदुए के हमले में 11 बकरियों की मौत से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। उधर, इस संबंध में डीएफओ का कहना है कि बकरियों की मौत किसी और वजह से हुई है।
आजमगढ़ जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरहाबाद स्थित एक फार्म हाउस पर रविवार की रात तेंदुए ने धावा बोला। उसके द्वारा आठ बकरियों को फार्म हाउस में मारकर छोड़ दिया गया। जबकि तीन को तेंदुआ उठा ले गया। सूचना मिलते ही मौके पर वन विभाग की टीम पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गई।
विज्ञापन
यह है पूरा मामला
फरहाबाद में शाहिद का फार्म हाउस है, जहां उन्होंने मुर्गियों के साथ ही 11 बकरियों को पाल रखा था। इस फार्म हाउस पर रविवार की रात तेंदुआ जाली तोड़कर अंदर घुसा और उसने बकरियों पर हमला कर दिया। आठ बकरियों को मारकर मौके पर छोड़ा और तीन बकरियों को उठा ले गया। सूचना मिलते ही वन विभाग और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल मौके पर पहुंचे और जांच में जुट गए।
क्षेत्र में तेंदुए की आहट से हड़कंप मचा हुआ है। मरी हुई बकरियों की गर्दन पर नाखून और दांत के निशान मिले हैं। वहीं मौके पर तेंदुए के बाल भी मिले हैं। वहीं जमीन पर तेंदुए के पंजे के निशान भी देखे गए हैं।
विज्ञापन
इस संबंध में डीएफओ गंगा दत्त मिश्रा ने बताया कि जांच के लिए मौके पर टीम भेजी गई थी। टीम की जांच में तेंदुआ नहीं होने की पुष्टि हुई है। जो पैरों के निशान मिले हैं वह तेंदुए के नहीं है, क्योंकि कोई जानवर शिकार करने के बाद उसे छोड़ता नहीं है। बकरियों की मौत का कारण कुछ और प्रतीत हो रहा है। पशु चिकित्सा विभाग द्वारा मरी बकरियों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। इसके बाद ही स्पष्ट होगा कि इनकी मौत कैसे हुई है।