श्री अग्रसेन महिला महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर में शामिल छात्राओं ने सोमवार को जागरूकता रैली निकाल कर मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक किया। इसके अलावा, प्राथमिक विद्यालय पवनीकला के बच्चों ने जागरूकता रैली निकाली। रैलियों में मजबूत लोकतंत्र के लिए मतदान के दिन हर कार्य छोड़कर मतदान करने की अपील की गई।
श्री अग्रसेन महिला महाविद्यालय में एनएसएस शिविर में शामिल छात्राओं ने प्राचार्य डा. प्रिया मुखर्जी के निर्देशन में मतदाता जागरूकता रैली निकाली। इसमें शामिल छात्राएं हाथों पर मेहंदी से मतदान का प्रतीक चिह्न बनाए हुई थी। इसके अलावा, स्लोगन लिखी तख्तियां हाथों में ली हुई थीं।
रैली के बाद गोष्ठी में असिस्टेंट प्रो. डा. वंदन द्विवेदी ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर से छात्राओं का व्यक्तित्व विकास होता है। पल्हना संवाददाता के मुताबिक, प्राथमिक विद्यालय पवनी कला से सोमवार को छात्र-छात्राओं ने मतदाता जागरूकता रैली निकाली।
गांव में पहुंच शिक्षकों और बच्चों ने लोगों से मतदान के दिन बूथ पर जाकर वोट करने का आह्वान किया। रैली को उपजिलाधिकारी मेहनगर कपिल देव यादव और तहसीलदार गजानन दूबे ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में शामिल बच्चों ने सारे काम छोड़ दो सबसे पहले वोट दो का नारा लगाया। गोष्ठी में एसडीएम कपिलदेव यादव ने कहा कि मत देना हमारा अधिकार है। आप सभी इसका सही उपयोग करें।
उन्होंने जिनके पास मतदाता पहचान पत्र नहीं है वे प्रधान से मिलकर अपना पहचान पत्र अवश्य बनवा लें। इसी क्रम में, प्राथमिक विद्यालय पवनी खुर्द से भी जागरूकता रैली निकाली गई। इस मौके पर पंचदेव यादव, रमेश कुमार प्रजापति, संध्या शर्मा, सुरेंद्र कुमार, हंसराज, धर्मेंद्र मौर्य, पंकज चतुर्वेदी, विजय अस्थाना, सभाजीत, सतेंद्र सिंह, ज्ञानेंद्र श्रीवास्तव उपस्थित थे।