पुलिस मुठभेड़ में घायल बदमाश। श्रोत-पुलिस
सरायमीर। जादू-टोने का भय दिखाकर महिलाओं से आभूषण, नकदी और अन्य सामान ठगने वाले अंतर जनपदीय गिरोह के सरगना को सोमवार की रात सरायमीर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की कार्रवाई में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी है। उसे उपचार के लिए सीएचसी खरेवां भेजा गया। आरोपी की पहचान इम्तियाज खान (48) निवासी क्वार्सी अलीगढ़ हाल पता ठाकुरगंज, लखनऊ के रूप में हुई है। उसके कब्जे से बिना नंबर की बाइक, दो मोबाइल फोन, महिलाओं के आभूषण, 11,100 रुपये नकद तथा एक तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक सरायमीर भुवनेश चौबे को सूचना मिली थी कि सरायमीर क्षेत्र में बीते 9 मई को महिला से ठगी करने वाले दो अपराधी बाइक से फूलपुर की ओर से खरेवां आ रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों भागने लगे। उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया, जबकि दूसरे ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने 9 मई को सरायमीर क्षेत्र की चंदा देवी से करीब एक लाख रुपये ठग लिए गए थे।