मेंहनगर। स्थानीय थाना क्षेत्र के खुंदनपुर गांव में सोमवार की देर शाम बसपा नेता की गोली मार कर हत्या मामले में पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने छह के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। तीन लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ में जुटी है। वहीं घटना के दूसरे दिन भी गांव में तनाव की स्थिति देखने को मिली, जिसे देखते हुए गांव में कई थानों की फोर्स तैनात रही। गांव में गम व गुस्से का माहौल देखने को मिला।
बसपा नेता व व्यवसायी कलामुद्दीन पुत्र जलालुद्दीन को सोमवार की शाम खुंदनपुर गांव के पास ही पहले से घात लगा कर बैठे बदमाशों ने गोली मार दी थी। कलामुद्दीन को तत्काल सीएचसी लालगंज ले जाया गया, जहां से उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें लेकर वाराणसी पहुंचे जहां उनकी मौत हो गई। कलामुद्दीन की हत्या से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मृतक दो बार निजामाबाद विधान सभा सीट से बसपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव भी लड़ चुके थे। घटना के बाबत मृतक के पुत्र फुरकान ने गांव के ही रहने वाले छह लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया। जिसमें गांव के निवर्तमान प्रधान रिजवान उर्फ बबलू पुत्र असारूल हक, कासिफ पुत्र अलीशेर, मुस्तफिजुल हसन उर्फ बाबू पुत्र जमालुद्दीन, अब्दुल्लाह पुत्र कय्यूम, मसरूर अहमद पुत्र मकबूल अहमद, अलीशेर अहमद पुत्र मकबूल अहमद शामिल है। इन नामजद किए गए लोगों की तलाश में पुलिस की टीम लगा दी गई है। वहीं पुलिस तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी है। नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीम सभी संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।