राशन वितरण में अनियमितता, घटतौली और अधिक पैसा लेने के आरोप में कई स्थानों पर लोगों ने कोटेदार के खिलाफ आवाज उठाई और प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। कोटेदार की मनमानी के विरोध में मंगलवार को तरवां ब्लॉक के वीरनईयां और भीटी के ग्रामीणों ने तहसील पर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी बाबूलाल को ज्ञापन सौंप कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कोटेदार मनमानी करता है और अधिक मूल्य पर गल्ला देता है। प्रदर्शन के दौरान पूर्व प्रधान भीटी राजबली यादव, बेईली, गुलाबी, आशा, उषा, रजिया, गुलैची, प्रकाश, गंगा, पारस, कैलाश सिंह, रामजीत मौर्या, रामनवल चौहान आदि उपस्थित रहे। मार्टीनगंज क्षेत्र के ग्राम पंचायत सूघरपुर के ग्रामीणों ने कोटेदार खिलाफ प्रदर्शन किया। तहसील प्रभारी तहसीलदार शिवसागर दूबे को शिकायती पत्र सौंपा। तहसीलदार ने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर ज्ञानचंद, सुदर्शन, फिरती, राधेश्याम, सीताराम, नीलम आदि उपस्थित थे।
दूसरी तरफ, बिंद्राबाजार में कोटेदार द्वारा राशन वितरित न किए जाने सहित अन्य मांगों को लेकर मंगलवार को मुहम्मदपुर ब्लॉक के रानीपुर रजमों के ग्रामीणों ने बिंद्राबाजार में सड़क पर उतर प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने कोटेदार के विरोध में जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए कहा कि कोटेदार समय से राशन नहीं देता है। कहने पर झगड़े पर उतारू हो जाता है। उधर सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।