ठेकमा। उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), स्टांप एवं न्यायालय शुल्क पंजीयन विभाग के मंत्री रविंद्र जायसवाल ने बृहस्पतिवार की देर शाम मार्टीनगंज तहसील परिसर में उपनिबंधन कार्यालय का उद्घाटन किया। कहा कि पिछले सात वर्षों में जमीन रजिस्ट्री का काम तीन गुना बढ़ गया है, हालांकि इस दौरान सर्किल रेट में कोई वृद्धि नहीं की गई। उपनिबंधन कार्यालय से मार्टीनगंज में तीन तहसीलों के 209 गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा।
मार्टीनगंज तहसील की स्थापना 2016 में हुई थी, तभी से यहां निबंधन कार्यालय की मांग की जा रही थी। इस मांग के समर्थन में स्थानीय लोग और अधिवक्ता संघ ने कई बार धरना-प्रदर्शन भी किया। अधिवक्ता संघ की सक्रियता के चलते यह मांग पूरी हो सकी। यह जिले का आठवां उपनिबंधन कार्यालय है। इस कार्यालय से लालगंज, फूलपुर, और निजामाबाद की तीन तहसीलों के 209 गांवों के लोग लाभान्वित होंगे और अपनी जमीन के बैनामे यहीं करा सकेंगे। मंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि सरकार ने स्टांप ड्यूटी में छूट दी है जिससे जनता को सीधा फायदा हुआ है और राजस्व में भी बढ़ोतरी हुई है। इस अवसर पर तीन लोगों की जमीन का बैनामा किया गया और एक वसीयत भी दर्ज की गई। मंत्री रविंद्र जायसवाल ने उन्हें अपने हाथों से बैनामे के कागजात सौंपे। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष सूरज प्रकाश श्रीवास्तव, सब रजिस्ट्रार हुसैन अहमद, राकेश सिंह, राजीव सिंह, मनोज कुमार शुक्ला, सौरभ सिंह, सुशील यादव, और बजरंग बहादुर सिंह आदि उपस्थित थे।