आजमगढ़। काफी तलाश के बाद तहसील मेंहनगर फायर सब स्टेशन की स्थापना के लिए भूमि की तलाश कर ली गई है। बुधवार को डीएम की ओर से गठित कमेटी ने भूमि का निरीक्षण किया और इसे फायर स्टेशन की स्थापना के लिए उपयुक्त पाया। अब डीएम की मुहर लगने के बाद प्रस्ताव को मुख्यालय भेजा जाएगा। बजट के आवंटन के बाद काम शुरू कराया जाएगा। बुधवार को गोपालपुर गांव में उक्त भूमि का एसडीएम मेंहनगर राजीवरत्न सिंह अध्यक्षता में गठित पांच सदस्यीय टीम ने निरीक्षण किया। टीम में मुख्य अग्निशमन अधिकारी, सीओ लालगंज, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी आदि शामिल रहे। एसडीएम ने बताया कि क्षेत्र में अग्नि शमन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए भूमि उपलब्ध कराई गई है। जमीन की जांच की गई है। जैसे ही शासन से बजट आता है कार्य शुरू करा दिया जाएगा।