जहानागंज। थाना क्षेत्र के चक्रपानपुर बाजार स्थित जन औषधि केंद्र को चोरों ने शुक्रवार की रात अपना निशाना बना लिया। चोरों ने यहां से एक लाख रुपये नकद के साथ ही लगभग डेढ़ लाख के सामान पर हाथ साफ किया है। घटना के बाबत दुकानदार ने जहानागंज थाने में तहरीर दे दिया है।
जहानागंज थाना क्षेत्र के एकौना गांव निवासी मृत्युंजय पांडेय पुत्र अरूण पांडेय चक्रपानपुर बाजार में दो जन औषधि केंद्र संचालित करते है। इन दोनों दुकानों पर कुल पांच कर्मचारी काम करते है। शुक्रवार की शाम सभी कर्मचारी घर चले गए और मृत्युंजय शहर के सिधारी स्थित आवास पर चले आए। शनिवार की सुबह जब एक कर्मचारी दुकान खोलने पहुंचा तो शटर का ताला टूटा मिला। उसने तत्काल दुकान मालिक को इसकी सूचना दिया। 11 बजे के लगभग मृत्युंजय पांडेय भी दुकान पर पहुंच गए। इसके बाद उन्होंने सूचना चक्रपानपुर पुलिस चौकी पर दिया। जिस पर एसआई मनीष कुमार ने मौके पर पहुंच कर मुआयना किया। मृत्युंजय ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व बाहर लगा सीसी टीवी भी चोरी हुआ था। दुकानदार के अनुसार चोरों ने कैश काउंटर में रखे एक लाख नकद के साथ ही लगभग डेढ़ लाख के सामानों पर हाथ साफ किया। जिसमें दो कंप्यूटर, चार सीसीटीवी कैमरा, मानिटर, प्रिंटर, डीवीआर, च्वनप्राश आदि शामिल रहा।