आजमगढ़। जिले में हरियाणा से पहुंचे मजूदरों में आधा दर्जन मजदूर खांसी व बुखार से पीड़ित है। इनका सैंपल जांच में भेजे जाने का डीएम ने निर्देश दिया है। वहीं हरियाणा से जिले में कुल 196 मजदूर पहुंचे है।
जिलाधिकारी एनपी सिंह ने बताया कि हरियाणा से कुल 196 मजदूर जिले में रोडवेज की बसों के माध्यम से आए है। सभी को 14 दिनों के लिए क्वारंटीन कर दिया गया है। इसमें छह मजदूरों के खांसी व बुखार है। इन लोगों को क्वारंटीन सेंटर पर अलग से रखा गया है। उन्होंने बताया कि इन मजदूरों में आठ से दस की संख्या में मजदूर पड़ोसी जिलों अंबेडकरनगर, मऊ, बलिया आदि के भी है। जिन्हें उनके जिलों में भेजने की कवायद की जा रही है। उन्होंने बताया कि बाहर से आ रहे मजदूरों में जिन मजदूरों की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होगी, उन्हें शासन के निर्देशानुसार एक सप्ताह का राशन भी क्वारंटीन के बाद घर भेजे जाते समय दिया जाएगा। इतना ही नहीं शासनादेश आने पर इन मजदूरों के खाते में भी एक-एक हजार रुपए की आर्थिक मदद भी उपलब्ध करायी जायेगी।