मृतक प्रमोद कुमार गौड़ की फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : सांकेतिक
पवई (आजमगढ़)। थाना क्षेत्र के बलईपुर गांव के रहने वाले प्रमोद कुमार गौड़ (50) का शव शनिवार सुबह सड़क के किनारे मिला।
सूचना पर पहुंची पुलिस, एसओजी, फॉरेंसिक टीम व डॉग स्क्वाॅड टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। प्रमोद के शरीर पर चोट के निशान मिलने से परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक के भाई अनूप कुमार गौड़ की तहरीर पर दो आरोपियों चंद्रकला और रामकेवल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। बलईपुर गांव निवासी प्रमोद गौड़ मजदूरी करता था। उसकी पत्नी माला की करीब 20 वर्ष पहले मौत हो चुकी है। उसके दो बेटे अमन और नमन रोजी-रोटी के लिए सूरत में रहते हैं। छोटे भाई आनंद गौड़ और मां विद्यावती देवी ने बताया कि शुक्रवार रात करीब नौ बजे प्रमोद भोजन करने के बाद कहीं चला गया।
शनिवार सुबह करीब छह बजे ग्रामीणों ने उसका शव सलारपुर पुरवा में चकरोड के किनारे देखा। ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। प्रमोद के भाई अनूप ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि कुछ दिन पहले पवई थाना क्षेत्र के बलईपुर गांव निवासी चंद्रकला गौतम से पैसे के लेन-देन में प्रमोद की कहासुनी हुई थी।
आरोप है कि अंबेडकरनगर जनपद के मालीपुर थाना क्षेत्र के देवसरा गांव निवासी रामकेवल प्रजापति ने भी घर पहुंचकर प्रमोद को धमकी दी थी। अनूप ने आशंका जताई है कि चंद्रकला और रामकेवल ने मिलकर उसके भाई की हत्या की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हार्ट अटैक से मौत होने की पुष्टि हुई है। वहीं रिपोर्ट में उसके शरीर पर कई जगह चोट लगने की बात भी सामने आई है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच-पड़ताल कर रही है।