बरदह। दीदारगंज थाना क्षेत्र के गंभीरी गांव स्थित पुल से मंगलवार की सुबह शारदा सहायक खंड-23 की नहर में मजदूर धर्मेंद्र राजभर (35) गिर गया। राहगीरों का शोर सुनकर लोग मौके पर जुटे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने नहर में गोताखोरों ने उतारा। करीब तीन घंटे बाद घटनास्थल के 300 मीटर दूर शव बरामद हुआ। थानाध्यक्ष जयप्रकाश ने बताया कि गंभीरी गांव निवासी धर्मेंद्र राजभर मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। मंगलवार की सुबह वह काम की तलाश में घर से निकले थे, लेकिन कहीं काम नहीं मिला। काम न मिलने पर वह करीब 11 बजे वापस लौट रहे थे।
रास्ते में गांव की शारदा सहायक खंड-23 नहर के पुल पर बैठकर आराम करने लगे।
कुछ देर आराम करने के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नहर में गिर पड़े। इस घटना को कुछ दूर से राहगीर देख रहे थे। वे नहर में युवक को गिरता देख दौड़कर मौके पर पहुंचे। नहर में पानी भरा होने से कहीं युवक को कोई पता नहीं चला। इस पर राहगीरों ने शोर मचाया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई। करीब तीन घंटे की तलाश के बाद घटनास्थल से लगभग 300 मीटर दूर उसका शव बरामद किया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।