जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मुरारपुर गांव के पास मिट्टी लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से साइकिल सवार व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रैक्टर पकड़े जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के उमरी शेखपुर गांव निवासी बालदेव चौहान 58 शनिवार की दोपहर अजमतगढ़ बाजार से सब्जी लेकर साइकिल से घर जा रहे थे। मुरारपुर गांव के पास मिट्टी लेकर जा रहे ट्रैक्टर ने उसे धक्का मार दिया, जिससे वह घायल हो गए और ट्रैक्टर के नीचे आ गए। उनकी मौके पर मौत हो गई। इसकी सूचना मिलते ही भारी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रवासी मौके पर पहुंच गए। ट्रैक्टर को पकड़ने के लिए विरोध प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान ग्रामीणों का कहना था कि जब तक ट्रैक्टर को पकड़ा नहीं जाएगा तब तक हम लोग शव को नहीं ले जाने देंगे। लगभग डेढ़ घंटे तक लोग हंगामा करते रहे और पुलिस उन्हें समझाने में जुटी रही। लोगों ने शव को उठा लिया और जिला मुख्यालय ले जाने लगे। इस दौरान पुलिस ने पीछा करके ट्रैक्टर को पकड़ लिया और थाने ले आई। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के तीन पुत्र हैं। जीतू चौहान, प्रेम चौहान और जितेंद्र चौहान। पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी है।